लाल सागर में ड्रोन हमलों के बाद सऊदी अरब ने अपने पूर्वी बंदरगाहों से कच्चे तेल का निर्यात बढ़ा दिया है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, 20 सितंबर को सऊदी अरामको ने फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सात बड़े तेल टैंकरों में करीब 1.4 करोड़ बैरल कच्चा तेल लोड किया.

सैटेलाइट तस्वीरों में सऊदी अरब के प्रमुख रास तनूरा बंदरगाह के पास सात बड़े टैंकर दिखाई दिए. शिपिंग डेटा के मुताबिक, खाड़ी के टर्मिनलों से लदान में यह तेजी सऊदी तेल निर्यात में सुधार का संकेत देती है. हालांकि, अरामको के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया.

लाल सागर मार्ग प्रभावित होने के बाद बदलाव

13 सितंबर को ड्रोन हमलों के बाद सऊदी अरब को अपनी ईस्ट-वेस्ट ऑयल पाइपलाइन बंद करनी पड़ी थी. इसके असर से लाल सागर स्थित यानबू बंदरगाह से कच्चे तेल का निर्यात रुक गया. इसके बाद कंपनी ने यूरोपीय खरीदारों के लिए कच्चे तेल के कुछ सौदे रद्द किए, जबकि एशियाई बाजारों को पूर्वी बंदरगाहों से भेजी जाने वाली आपूर्ति बढ़ाई.

जेपी मॉर्गन के 18 सितंबर के विश्लेषण के अनुसार, होर्मुज के रास्ते सऊदी तेल का प्रवाह पिछले छह दिनों में औसतन 29 लाख बैरल प्रतिदिन रहा. अगस्त में यह औसत करीब 7 लाख बैरल प्रतिदिन था.

आपूर्ति बढ़ने की संभावना के बीच सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 9 सितंबर के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया. कारोबारी सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया कि सऊदी अरब ने मौजूदा और अगले महीने की डिलीवरी के लिए रास तनूरा से करीब 6 करोड़ बैरल तेल बेचा है, जिसे ओमान के सोहार बंदरगाह से शिप-टू-शिप ट्रांसफर के जरिए लोड किया जाना है.