केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि Cockroach Janta Party (CJP) के नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है. यह कार्रवाई उनके पासपोर्ट रिकॉर्ड में कथित विसंगतियों के आधार पर की गई है. दास को 24 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर ब्रिटेन जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोका गया था. इसके बाद उन्होंने यात्रा प्रतिबंध को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया.
न्यायमूर्ति अमित महाजन की अदालत में केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि दास के पासपोर्ट से जुड़े रिकॉर्ड में उनकी स्कूली शिक्षा, आवासीय पता और अभिभावक संबंधी जानकारी को लेकर अंतर है. उन्होंने यह भी कहा कि इन विसंगतियों का भारतीय नागरिकता से जुड़े सवालों पर असर पड़ सकता है. केंद्र के मुताबिक, LOC मुंबई पुलिस के अनुरोध पर जारी किया गया था.
दास की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किल को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही कारण बताओ नोटिस मिला और उन्हें यात्रा रोकने वाला कोई आदेश नहीं दिखाया गया. वकील ने LOC जारी करने के आधार और उसकी प्रति उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि दास को कानूनी उपाय अपनाने का अवसर मिल सके.
केंद्र ने LOC की प्रति देने से इनकार करते हुए कहा कि दास अब इसके अस्तित्व से अवगत हैं और अलग कार्यवाही में इसे चुनौती दे सकते हैं. सरकार ने यह भी कहा कि अधिकारियों ने पासपोर्ट रद्द नहीं किया, बल्कि विदेश यात्रा के संबंध में सलाह दी थी.
केंद्र के अनुसार, पुडुचेरी के पुलिस अधीक्षक की 20 अगस्त की जांच में पासपोर्ट विवरण से जुड़ी विसंगतियां सामने आई थीं. दास के आवेदन में पिता का नाम खाली था, जबकि अलग-अलग दस्तावेजों में पता दिल्ली और पुडुचेरी दर्ज था. सरकार ने बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और चार मिनट बाद शाम 7:36 बजे यात्रा संबंधी सलाह दी गई. जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है.
विदेश मंत्रालय ने भी बताया था कि चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने जन्मस्थान से जुड़े विवरण पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है. मंत्रालय के अनुसार, दास को सात दिन में स्पष्टीकरण देने और जवाब जमा करने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई थी.
हाई कोर्ट ने केंद्र, गृह मंत्रालय और पुलिस को नोटिस जारी कर 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है. अदालत इसी तारीख को मामले की अगली सुनवाई करेगी.
