Microsoft के CEO सत्या नडेला ने सिएटल के तेजी से बढ़ते टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम और भारत के साथ उसके मजबूत होते संबंधों की सराहना की. वह सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में आयोजित पहले ‘IDEAS4INDIA: Indian American Tech CEOs Forum’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
‘Unlocking the Tech Dividend’ विषय वाले इस फोरम में AI, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर, एयरोस्पेस और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर क्षेत्रों से जुड़े 40 से अधिक भारतीय मूल के टेक सीईओ और सीटीओ ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का आयोजन सिएटल में भारत के महावाणिज्यदूत प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में किया गया.
नडेला ने कहा कि उन्होंने करीब 35 वर्षों में सिएटल के टेक समुदाय को विकसित होते देखा है. उन्होंने भारत के साथ इस समुदाय के बनते और मजबूत होते रिश्ते पर खुशी जताई. उनके मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक ऐसी सामान्य-उपयोग वाली तकनीक है, जिसका लाभ तभी व्यापक होगा जब इसे अलग-अलग देशों, समुदायों और क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सके.
सहयोग के प्रमुख क्षेत्र
सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने AI इन्फ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर डिजाइन और निर्माण, क्वांटम रिसर्च, प्रतिभा विकास और स्किलिंग, एयरोस्पेस तथा उन्नत विनिर्माण में सहयोग बढ़ाने पर विचार साझा किए. चर्चा में यह भी रेखांकित किया गया कि भारत-अमेरिका टेक संबंध एकतरफा नहीं हैं. फोरम में प्रतिनिधित्व करने वाली कई कंपनियों के भारत में इंजीनियरिंग, रिसर्च और कारोबारी संचालन हैं.
Microsoft, Amazon, Boeing, OpenAI, Anthropic, Intel, Veeam Software, Helion, Rhythms AI, Zenoti, Anicca Data और SeekOut समेत कई कंपनियों के अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए. USB-C के आविष्कारक और Intel के पूर्व कार्यकारी अजय भट्ट ने भी चर्चा में हिस्सा लिया.
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने भारत-अमेरिका टेक साझेदारी को गहरा करने में प्रतिभागियों की रुचि का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि भारत का AI Mission समावेशिता, खुलेपन, संप्रभुता, लोकतांत्रिक पहुंच, सुरक्षा और भरोसे के सिद्धांतों पर आधारित रहेगा.
यह फोरम India-US TRUST Initiative के तहत AI, क्वांटम तकनीक, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, दूरसंचार और जैव-प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने के लिए एक मंच बनने की उम्मीद है. कार्यक्रम की शुरुआत सिएटल के दो दिवंगत भारतीय मूल के टेक नेताओं—Icertis के सह-संस्थापक और CEO समीर बोडस तथा Madrona Venture Group के मैनेजिंग डायरेक्टर और Microsoft के पूर्व कॉरपोरेट वाइस प्रेसिडेंट एस. सोमशेखर—को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट के मौन से हुई.
