नई दिल्ली में आयोजित 5वें कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव और भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर शख्तिकांत दास ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर बात की. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करना असंभव नहीं है, हालांकि इसके लिए लगातार मजबूत आर्थिक वृद्धि जरूरी होगी.

दास ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत की दिशा में बड़ी छलांग अभी कल्पना के दायरे में है. उनके अनुसार, भारत की वास्तविक GDP वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत रही. उन्होंने यह भी बताया कि वित्त वर्ष 2022 से वित्त वर्ष 2026 के बीच कोविड के बाद के दौर में औसत वृद्धि दर 7.9 प्रतिशत रही.

उन्होंने वैश्विक स्तर पर युद्ध, ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव और आर्थिक अनिश्चितता को विकास के लिए जोखिम बताया. दास के मुताबिक, भारत की आर्थिक मजबूती बेहतर शासन, राज्य की क्षमता, व्यापक आर्थिक स्थिरता और बाहरी क्षेत्र के विवेकपूर्ण प्रबंधन से मजबूत हुई है.

उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु नेतृत्व, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रणनीतिक आत्मनिर्भरता को टिकाऊ विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया. तीन दिवसीय सम्मेलन में करीब 30 देशों के 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों समेत 180 से ज्यादा नीति विशेषज्ञ, अर्थशास्त्री और वित्तीय विशेषज्ञ शामिल हुए.