शरद पवार ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के विकास से जुड़ी अपनी भूमिका और पारिवारिक सीखों का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सिंगापुर के आर्थिक मॉडल का अध्ययन किया और मुंबई में एक विश्वस्तरीय वित्तीय केंद्र विकसित करने की दिशा में काम किया.
पवार ने बताया कि उस समय मुंबई में करीब 120 टेक्सटाइल मिलें चलती थीं और उद्योगों के महाराष्ट्र से बाहर जाने का खतरा था. इसी पृष्ठभूमि में उन्होंने शहर के आर्थिक ढांचे को नए सिरे से तैयार करने पर जोर दिया.
उनके अनुसार, एक बड़े बिल्डर ने 25 एकड़ जमीन मांगी थी. पवार ने दावा किया कि उन्होंने एक रुपये प्रति एकड़ की दर से जमीन देने की पेशकश की, लेकिन 25 के बजाय 50 एकड़ लेकर बड़े स्तर पर विकास करने की शर्त रखी. पवार ने कहा कि इसी फैसले ने BKC के विस्तार की नींव रखी.
उन्होंने अपनी मां की सीख भी साझा की—काम को पूरी एकाग्रता से करना और अपना कारोबार खड़ा करने का साहस रखना. पवार ने नए उद्यमियों से फैसले लेने में हिम्मत और सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की.
