NCP (SP) प्रमुख शरद पवार ने परिसीमन विधेयक के समर्थन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से फोन पर बातचीत की. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पवार ने समर्थन के पीछे अपनी “मजबूरी” समझाई और कहा कि पार्टी को एकजुट रखने के लिए इस संवैधानिक प्रक्रिया का समर्थन करना जरूरी हो सकता है.

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा प्रस्तावित है. NCP (SP) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा है कि पार्टी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी. हालांकि, सुप्रिया सुले और लोकसभा में पार्टी के सचेतक अमोल कोल्हे ने संकेत दिया कि अंतिम रुख विधेयक का मसौदा देखने के बाद स्पष्ट किया जाएगा.

पार्टी ने सभी आठ लोकसभा सांसदों को विशेष सत्र में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. प्रस्तावित व्यवस्था में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की शर्त का उल्लेख सामने आया है. कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दल इस प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक प्रभाव और निर्वाचन क्षेत्रों के संभावित पुनर्गठन पर आपत्ति जता रहे हैं.