संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले एल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या का मामला सामने आया है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उनका शव नौ टुकड़ों में मिला. शव के टुकड़े दो बैगों में रखे हुए थे और इन्हें ओमान जाने वाले रास्ते के पास खड़ी एक कार से बरामद किया गया.
मामले की जानकारी एल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने दी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एल्विन की पत्नी टीना कुंदर और उनका बेटा भी शारजाह में रहते हैं, लेकिन दोनों के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. टीना एक स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि उनका बेटा 10वीं कक्षा में पढ़ता है.
गुमशुदगी के बाद शुरू हुई तलाश
एल्विन पिछले करीब 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे. दिसंबर में भारत आने के बाद वह शारजाह लौट गए थे. कुछ समय बाद परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पर जवाब नहीं मिला. इसके बाद उनके भाई ने शारजाह में रहने वाले एल्विन के सहपाठी मनोहर से उनका पता लगाने को कहा.
मनोहर कंपनी की ओर से दिए गए एल्विन के फ्लैट पर पहुंचे. वहां मौजूद वॉचमैन ने बताया कि एल्विन भारत जा चुके हैं. कंपनी के मानव संसाधन विभाग से भी शुरुआत में इसी तरह की जानकारी मिली. हालांकि, पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच में एल्विन के शारजाह में ही होने की बात सामने आई. इसके बाद उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई.
एल्विन के भाई ने 21 सितंबर को उडुपी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी. परिवार को उसी दिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने की जानकारी दी गई है. हत्या का कारण और इसमें कौन लोग शामिल हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. शारजाह पुलिस मामले की जांच कर रही है.
