नई दिल्ली में आयोजित NDTV World Summit में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने राहुल गांधी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी का जवाब दिया. थरूर ने कहा कि राहुल गांधी ने पिछले कुछ महीनों में खासकर युवा मतदाताओं के बीच उत्साह पैदा किया है और भारतीय जनता पार्टी को इस पर ध्यान देना चाहिए.
थरूर ने यह भी कहा कि राहुल गांधी पर लगातार निशाना साधे जाने से संकेत मिलता है कि भाजपा ने उनकी राजनीतिक सक्रियता पर ध्यान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल को कमजोर दिखाने के लिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा था कि पार्टी देश को दांव पर लगाकर अपने ‘फेल्ड प्रोडक्ट’ को लॉन्च करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर परिवारवाद का बोझ होने और पार्टी को दूसरों की प्रगति में बाधा डालने वाला बताया था.
थरूर ने कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र का दावा करते हुए कहा कि पार्टी में अलग राय रखने के बावजूद वे अब भी कांग्रेस में हैं और विदेश मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा और सरकार का मुकाबला समान राजनीतिक मैदान पर करने के लिए तैयार है.
