कांग्रेस नेता शशि थरूर के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामना देने वाले पोस्ट में अंग्रेजी के एक वाक्य को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हुई. थरूर ने अपने पोस्ट में ‘on his 76th birthday’ की जगह ‘in his 76th birthday’ लिख दिया था.
एक X यूजर ने थरूर को टैग करते हुए इस गलती की ओर इशारा किया. यूजर ने इसे ‘फैट फिंगर’ यानी टाइपिंग की गलती बताया और लिखा कि पोस्ट में ग्रामर मिस्टेक हो गई है.
इसके जवाब में थरूर ने स्वीकार किया कि ‘on his birthday’ की जगह ‘in’ लिख दिया गया. उन्होंने कहा कि ऐसा अक्सर होता रहता है.
थरूर अंग्रेजी भाषा पर अपनी पकड़ और अपेक्षाकृत कठिन शब्दों के इस्तेमाल के लिए जाने जाते हैं. इससे पहले भी उनके कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में शब्दों या वाक्य-रचना को लेकर चर्चा हो चुकी है.
नेपाल आपदा वाले पोस्ट पर भी हुई थी आलोचना
पिछले महीने नेपाल में आई आपदा से जुड़े एक पोस्ट में थरूर ने ‘ड्रामा’ शब्द का इस्तेमाल किया था. उनके पोस्ट के मुताबिक, वह काठमांडू के लिए रवाना हुए थे और पहाड़ों में हुए ड्रामा तथा उससे हुई भारी तबाही से अनजान थे.
इस शब्द के इस्तेमाल पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए और पूछा कि ऐसी स्थिति के लिए ‘ड्रामा’ शब्द का इस्तेमाल उचित है या नहीं. इसके बाद थरूर ने अपने शब्द का बचाव करते हुए सफाई दी थी.
2025 में वॉइस ट्रांसक्रिप्शन की गलती बताई थी
जुलाई 2025 में भी थरूर के एक X पोस्ट में ग्रामर को लेकर सवाल उठे थे. उन्होंने ‘I was asking inevitable questions’ लिखा था. यूजर्स की आपत्ति पर थरूर ने कहा था कि पोस्ट उन्होंने बोलकर लिखवाई थी और वॉइस ट्रांसक्रिप्शन में ‘asked an’ की जगह ‘asking’ दर्ज हो गया. उन्होंने यह भी कहा था कि जल्दबाजी में पोस्ट को प्रूफरीड नहीं कर पाए.
