कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के ‘रिजीम चेंज’ वाले आरोप को खारिज किया है. थरूर ने कहा कि भारत की तुलना बांग्लादेश या फ्रांस से करना उचित नहीं है और विपक्ष शांतिपूर्ण विरोध तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रहा है.
थरूर के मुताबिक, विपक्ष का मुद्दा सरकार गिराना नहीं, बल्कि Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया से जुड़ी चिंताओं को उठाना है. उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग की जा रही है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती नहीं दे रहा, बल्कि उनसे संविधान के अनुरूप काम करने की अपेक्षा कर रहा है. थरूर ने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष हिंसा, बसों या पुलिस थानों को जलाने जैसी घटनाओं का समर्थन नहीं करता.
यह विवाद रिजिजू के उन बयानों के बाद बढ़ा, जिनमें उन्होंने कुछ राजनीतिक नेताओं और कथित ‘भारत-विरोधी’ समूहों पर युवाओं को भड़काकर सड़कों पर हिंसा फैलाने की साजिश का आरोप लगाया था. रिजिजू ने कहा था कि भारत में सरकार परिवर्तन केवल चुनाव के जरिए हो सकता है.
