कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कॉरपोरेट कंपनियों पर की गई टिप्पणी का समर्थन किया है. थरूर ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को कर राहत देकर निवेश बढ़ाने, रोजगार पैदा करने और कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया, लेकिन कंपनियों ने इस समझौते के अनुरूप काम नहीं किया.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की आलोचना को पूरी तरह गलत नहीं ठहराया जा सकता. थरूर के मुताबिक, रोजगार का माहौल खासकर कॉलेज और IIT से निकलने वाले युवाओं के लिए चिंताजनक है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि IIT स्नातकों को प्लेसमेंट मिलने में कठिनाई की खबरें अब सामने आ रही हैं.

थरूर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने नियमन को सरल बनाने और कारोबार करने में आसानी को वास्तविकता बनाने की जरूरत बताई. साथ ही, उन्होंने कारोबारियों के हवाले से दावा किया कि देश में भ्रष्टाचार की स्थिति पहले से खराब हुई है.

प्रधानमंत्री मोदी ने 19 नवंबर को FICCI के कार्यक्रम में कॉरपोरेट टैक्स में कमी के बावजूद कंपनियों से नियुक्तियों और वेतन वृद्धि पर सवाल किया था. थरूर ने इसी संदर्भ में सरकार और उद्योग जगत के बीच चल रही जिम्मेदारी की बहस को महत्वपूर्ण बताया.