जम्मू-कश्मीर सरकार ने शेषनाग झील के पास निर्माण कार्य और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के आरोपों को खारिज करते हुए झील को पूरी तरह सुरक्षित बताया है. विवाद एक वायरल वीडियो के बाद शुरू हुआ था, जिसमें झील के नजदीक भारी मशीनरी काम करती दिखाई दे रही थी.

वन मंत्री अल्ताफ कल्लू के अनुसार, वीडियो में दिख रहा अर्थमूवर झील से 200 से 300 फीट दूर और उससे अधिक ऊंचाई पर काम कर रहा था. उन्होंने दावा किया कि झील में मिट्टी का एक कण भी नहीं गया.

कल्लू ने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों वाली 12 सदस्यीय टीम ने मौके का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट सौंपी है. टीम के निष्कर्षों के हवाले से मंत्री ने कहा कि शेषनाग झील सुरक्षित है और सीमा सड़क संगठन (BRO) ने झील के किनारे बने ट्रैक से कोई छेड़छाड़ नहीं की.

मंत्री खुद मंगलवार को मौके पर जाकर निरीक्षण करने वाले थे, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस की सलाह पर आगे नहीं जा सके. उन्होंने बताया कि इसके बाद विभाग के साथ विस्तृत बैठक की गई.

कल्लू के मुताबिक, BRO अमरनाथ यात्रा से पहले और बाद में ट्रैक का नियमित रखरखाव करता है. यात्रा के दौरान यह काम नहीं किया जा सकता, इसलिए टाइलों की मरम्मत और ट्रैक के किनारों को मजबूत करने का काम किया जा रहा है.

उन्होंने इस साल की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर सरकार और BRO के बीच हुए समझौते का भी बचाव किया. मंत्री ने कहा कि ट्रैक की चौड़ाई 12 फीट बनाए रखना सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप है और यह तीर्थयात्रियों तथा घोड़ों की आवाजाही के लिए जरूरी है.

हालांकि, PDP नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सरकार के दावे पर सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि यदि शेषनाग में स्थिति पूरी तरह ठीक है, तो PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को स्थल का दौरा करने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है.