हिमाचल प्रदेश में शिमला-बिलासपुर-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया है. बिलासपुर जिले के नमोल क्षेत्र में खलोटा के पास सड़क का हिस्सा धंसने के बाद इस मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और बिलासपुर पुलिस ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों की एडवाइजरी जारी की है.

बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों को बरमाना, जुखाला, ज्वाल पुल, रानीकोटल, घारसी और दारलाघाट होकर जाने की सलाह दी गई है. शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर जाने वाले वाहन दारलाघाट, घारसी, रानीकोटल, ज्वाल पुल और घुमारवीं या बरमाना मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं.

शिमला से मंडी जाने वाले यात्रियों के लिए दारलाघाट, नवगांव, घारसी, रानीकोटल और बैरी होकर जाने का मार्ग सुझाया गया है. NHAI ने शिमला, कसौली, चैल, नारकंडा और कुफरी जाने वाले पर्यटकों से भी यातायात निर्देशों का पालन करने को कहा है.

अधिकारियों के अनुसार, सड़क की मरम्मत पूरी होने तक यह हिस्सा बंद रहेगा. आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और वाहन चालकों से यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार बनाने की अपील की गई है.