बिहार में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं. होने वाले ससुराल पक्ष ने उनके स्वागत के लिए पटना के बिहटा में नया घर तैयार कराया है. बुधवार को इसी घर में विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश पूजा हुई. परिवार के सदस्य शादी से जुड़ी रस्मों की तैयारियों में जुटे हैं.
शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी ने कहा कि वह उन्हें बहू नहीं, बल्कि बेटी की तरह रखेंगी. परिवार का कहना है कि नए घर में शिवांगी को ऐसा अपनापन देने की कोशिश की जाएगी, जिससे उन्हें नए परिवार में आने पर परायेपन का अनुभव न हो.
20 नवंबर को तिलक, 25 नवंबर को विवाह
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शादी के कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर को होगी. इस दिन पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनो बैंक्वेट हॉल में तिलक समारोह प्रस्तावित है. 25 नवंबर को बाढ़ के नदवां गांव में बारात पहुंचेगी, जहां विवाह की रस्में होंगी. बारात बिहटा स्थित नए घर से निकलने की योजना है.
हल्दी सहित शादी की अन्य रस्मों के लिए भी बिहटा के इसी घर को केंद्र बनाया गया है. परिवार के अनुसार, विवाह के बाद शिवांगी का गृह प्रवेश भी यहीं कराया जाएगा. कुछ दिन बिहटा में रहने के बाद उनके परिवार के साथ अमेरिका जाने की बात कही गई है.
परिवार के मुताबिक, शादी की चर्चा विदेशों में रहने वाले परिचितों तक भी पहुंची है. अमेरिका और दुबई में रह रहे कुछ लोगों ने समारोह में शामिल होने की इच्छा जताई है. आयोजन में घोड़ा दौड़ को भी खास आकर्षण के रूप में शामिल किए जाने की योजना है.
