अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में देश-विदेश से मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है. होने वाले ससुर रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, हैदराबाद, अहमदाबाद, रायपुर, सुकमा, मेरठ और दिल्ली के अलावा अमेरिका और दुबई में रहने वाले उनके दोस्त भी समारोह में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं.
शादी के बाद शिवांगी के पहले गृह प्रवेश को खास बनाने के लिए परिवार ने पटना के बिहटा में नया घर बनवाया है. बुधवार को इसी घर में विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश की पूजा हुई. परिवार के मुताबिक, शादी के बाद शिवांगी पहली बार इसी घर में प्रवेश करेंगी. बारात भी बिहटा स्थित इसी नए घर से निकलेगी.
परिवार में शादी की अन्य तैयारियां भी चल रही हैं. हल्दी समेत विवाह की कई रस्में नए घर में आयोजित की जाएंगी. दिल्ली से परिवार के सदस्य बिहटा पहुंच चुके हैं और मेहमानों के ठहरने, खानपान तथा समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
20 नवंबर से शुरू होंगी रस्में
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनो बैंक्वेट हॉल में तिलक समारोह होगा. इसके बाद 25 नवंबर को बाढ़ के नदवां गांव में बारात पहुंचेगी, जहां विवाह की रस्में पूरी होंगी. कुछ समय नए घर में रहने के बाद शिवांगी परिवार के साथ अमेरिका जाएंगी.
रणविजय कुमार सिंह ने बताया कि शादी की खबर विदेशों तक पहुंचने के बाद वहां रहने वाले मित्रों और परिचितों के फोन आ रहे हैं. होने वाली सास आशा देवी ने कहा कि वह शिवांगी को बहू के बजाय बेटी की तरह रखेंगी. वहीं जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने बताया कि शादी में शामिल होने के लिए लोगों को निमंत्रण और कार्ड भेजे जा चुके हैं.
