ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने 2040 तक किसी भारतीय को चंद्रमा की सतह पर तिरंगा फहराते देखने की इच्छा जताई है. उन्होंने इसे अपना असली मिशन बताया. चंडीगढ़ में आयोजित 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक की अपनी यात्रा और भारत के गगनयान कार्यक्रम से जुड़े अनुभव साझा किए.

शुक्ला के मुताबिक, जून 2025 में उन्हें अंतरिक्ष तक ले जाने वाले Axiom Mission-4 के दौरान उन्हें अकेलापन महसूस नहीं हुआ, क्योंकि पूरा देश इस मिशन से जुड़ा हुआ था. उन्होंने कहा कि अब उनका ध्यान गगनयान मिशन की सफलता की तैयारियों पर है.

अंतरिक्ष से लौटना उम्मीद से ज्यादा कठिन

उन्होंने बताया कि ISS से स्पेस कैप्सूल के जरिए धरती पर लौटने का अनुभव तेज, उथल-पुथल भरा और अव्यवस्थित था. उनके अनुसार, वापसी के दौरान एक क्षण ऐसा भी आया जब उनके मन में यह सवाल उठा कि क्या अंतरिक्ष यात्रा का फैसला सही था. उन्होंने कहा कि बड़ी चुनौती के शुरुआती चरण में घबराहट और असमंजस स्वाभाविक है.

20 दिनों से अधिक समय तक अंतरिक्ष में रहने के अनुभव का उल्लेख करते हुए शुक्ला ने कहा कि गुरुत्वाकर्षण के अभाव में शरीर को शुरुआत में असामान्य महसूस होता है. उन्होंने शरीर की लंबाई बढ़ने और दिल के आकार में बदलाव का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, अंतरिक्ष यात्रा के दौरान शरीर और मानसिक स्थिति में कई बदलाव आते हैं, जिनके लिए प्रशिक्षण दिया जाता है.

युवाओं से उन्होंने विज्ञान पढ़ने, बड़े सपने देखने और चुनौतियों से न घबराने की अपील की. उन्होंने मिशन डायरेक्टर डॉ. पैगी व्हिटसन का उदाहरण देते हुए कहा कि अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिलने से पहले उन्हें नौ बार असफलता का सामना करना पड़ा था.