मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर लोगों में किताबें पढ़ने की आदत बढ़ाने के लिए पांच साल का National Reading Plan चला रहा है. इस योजना के तहत पाठकों को सरकारी पोर्टल पर अपना पढ़ने का समय दर्ज करना होगा. इसके बदले उन्हें डिजिटल कॉइन्स और नकद प्रोत्साहन दिए जाएंगे.
योजना के मुताबिक, 50 दिनों तक हर दिन कम से कम 15 मिनट किताब पढ़ने पर 1 सिंगापुर डॉलर का भुगतान किया जाएगा. 15 मिनट से ज्यादा पढ़ने पर पाठकों को 20 वर्चुअल कॉइन्स मिलेंगे. 1,000 कॉइन्स पूरे होने पर 1 सिंगापुर डॉलर में बदले जा सकेंगे. एक दिन में केवल एक रीडिंग सेशन को मान्यता दी जाएगी.
चैरिटी के लिए भी जुटाई जाएगी रकम
इस पहल में 7.5 मिलियन रीडिंग मिनट पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है. रिपोर्ट के अनुसार, इस गतिविधि से जुटाए गए 1.5 लाख सिंगापुर डॉलर चैरिटी के लिए दिए जाएंगे.
National Library Board की प्रमुख Melissa Tam के हवाले से बताया गया है कि रील्स और शॉर्ट वीडियो तुरंत जानकारी दे सकते हैं, लेकिन लंबी किताबें पढ़ने से एकाग्रता, सोचने की क्षमता और कल्पनाशक्ति को बढ़ावा मिलता है. योजना का उद्देश्य ऐसे पाठकों का समुदाय बनाना है जो तर्कपूर्ण ढंग से सोच सकें और जटिल विषयों को बेहतर समझ सकें.
इनाम देने की रणनीति पर बहस
योजना के समर्थकों का मानना है कि पॉइंट्स और रिवॉर्ड के जरिए लोगों को पढ़ने की आदत दोबारा डाली जा सकती है. हालांकि, आलोचकों और मनोविज्ञान विशेषज्ञों की एक चिंता यह है कि नकद प्रोत्साहन खत्म होने के बाद लोग फिर से पढ़ना छोड़ सकते हैं.
रिपोर्ट में Singapore National Institute of Education के शोधकर्ता Loh Chin Ee के हवाले से कहा गया है कि लोग स्क्रीन पर शब्द पढ़ते जरूर हैं, लेकिन किसी विषय में लंबे समय तक डूबकर पढ़ने की आदत कमजोर हो रही है.
