मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बदीजिरिया गांव में डंपर का गर्म टायर खोलते समय हुए धमाके में 24 वर्षीय ड्राइवर अनिल साहू की मौत हो गई. हादसे में टायर की दुकान पर काम करने वाले 17 वर्षीय विजय साहू और 18 वर्षीय पवन कोली घायल हुए हैं. दोनों का इलाज बैढ़न जिला अस्पताल में चल रहा है.
बरगवां पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुआ. अनिल VRCC कंपनी के लिए कोयला डिस्पैच करने वाला डंपर लेकर टायर की दुकान पर पहुंचा था. उसके साथ वाहन मालिक रोशनलाल गुप्ता भी मौजूद थे.
पुलिस को दिए गए बयान के मुताबिक, डंपर का रिम और टायर काफी गर्म था. दुकान के कर्मचारियों ने पहले टायर को ठंडा होने देने और उसके बाद खोलने की सलाह दी थी. इसके बावजूद टायर खोलने का काम शुरू किया गया. अनिल टायर लीवर की मदद से उसे खोल रहा था, तभी अंदर से हवा के दबाव जैसी आवाज आने लगी. खतरा भांपकर विजय और पवन वहां से दूर हट गए. कुछ देर बाद टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया.
धमाके के बाद करीब 10 मिनट तक घटनास्थल पर धुआं छाया रहा. पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग अनिल और दोनों घायलों को बैढ़न जिला अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया.
परिवार में अकेला कमाने वाला था अनिल
अनिल पचौर का रहने वाला था और दो भाइयों तथा एक बहन में सबसे छोटा था. उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और छह महीने की बेटी है. पुलिस के अनुसार, वह परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था. उसके पिता और दोनों भाई मजदूरी करते हैं.
बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि टायर फटने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने सोमवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया है और हादसे की जांच कर रही है. परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
