निर्वाचन आयोग की Special Intensive Revision यानी SIR प्रक्रिया के तीन चरणों में चिन्हित 13.39 करोड़ मतदाता प्रविष्टियों में से 6.30 करोड़ को स्थायी रूप से स्थानांतरित श्रेणी में रखा गया है. यह कुल चिन्हित प्रविष्टियों का लगभग आधा हिस्सा है और मसौदा मतदाता सूचियों में सबसे बड़ी श्रेणी बनकर सामने आया है.
आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 3.01 करोड़ प्रविष्टियों को अनुपस्थित या पता न चल पाने वाले मतदाताओं के रूप में दर्ज किया गया. इसके अलावा 2.80 करोड़ प्रविष्टियां मृत मतदाताओं से जुड़ी हैं. 1.02 करोड़ प्रविष्टियां डुप्लिकेट और 26 लाख प्रविष्टियां ‘अन्य’ श्रेणी में रखी गई हैं.
निर्वाचन आयोग का कहना है कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अद्यतन करना और मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, दोहरी या अप्रमाणित प्रविष्टियों की पहचान करना है. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े मसौदा चरण के हैं और अंतिम नहीं माने जा सकते.
आयोग के मुताबिक, जिन पात्र मतदाताओं के नाम मसौदा सूची में छूट गए हैं या जिनकी प्रविष्टियों पर आपत्ति है, वे दावे और आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं. यह प्रक्रिया गलत तरीके से नाम हटाए जाने की स्थिति में सुधार का अवसर देती है. विपक्षी दलों ने हालांकि मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित या अप्रमाणित घोषित करने के आधार और प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.
