पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और दिल्ली हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज एसएन ढींगरा व आरएस सोढ़ी ने सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्जल भुइयां की SIR संबंधी टिप्पणी पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इस पर सार्वजनिक टिप्पणी करते समय न्यायिक मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए.
जस्टिस गवई ने मीडिया से बातचीत में कहा कि न्यायिक मर्यादा किसी मौजूदा जज को उस मामले पर टिप्पणी करने की अनुमति नहीं देती, जिसकी सुनवाई उसी अदालत में चल रही हो. उन्होंने कहा कि लंबित मामले से जुड़े मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश को सार्वजनिक बयान नहीं देना चाहिए.
जस्टिस भुइयां ने रविवार को NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ में 19वीं जस्टिस बोध राज साहनी मेमोरियल मूट कोर्ट प्रतियोगिता के समापन समारोह में SIR पर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि लाखों नागरिकों को वोट देने के अधिकार से वंचित करने वाली कोई भी प्रक्रिया मूल रूप से मनमानी होगी और संवैधानिक व्यवस्था को नकारने जैसी होगी.
उन्होंने यह भी कहा था कि संविधान नागरिकों को वोट देने के अधिकार वाले और उससे वंचित लोगों के दो वर्गों में नहीं बांटता. उनके अनुसार, ऐसी प्रक्रिया को ‘व्हाटअबाउटरी’ के जरिये सही नहीं ठहराया जा सकता.
रिटायर्ड जजों ने भी उठाए सवाल
जस्टिस एसएन ढींगरा ने कहा कि जस्टिस भुइयां की टिप्पणी मौजूदा सुप्रीम कोर्ट जज की सीमाओं से काफी आगे है. उन्होंने कहा कि लंबित मामले पर सार्वजनिक कार्यक्रम में बयान देने से पहले बहुत सावधानी बरतनी चाहिए. ढींगरा ने यह भी कहा कि जस्टिस भुइयां के पास मामले के सभी तथ्य नहीं हो सकते हैं.
रिटायर्ड जज आरएस सोढ़ी ने SIR को ‘मताधिकार से वंचित करना’ बताए जाने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार कानून से तय होता है. यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में गलत तरीके से शामिल है या वह कानूनी शर्तें पूरी नहीं करता, तो कानून के मुताबिक उसका नाम हटाया जा सकता है. पात्र होने पर व्यक्ति दोबारा नाम शामिल कराने का अनुरोध कर सकता है.
सोढ़ी ने नागरिकों को अपने ही देश में ‘दूसरे दर्जे’ का बताने वाली भाषा को कठोर और अपरिपक्व बताया. उन्होंने कहा कि मुख्य सवाल यह होना चाहिए कि व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में बने रहने का कानूनी अधिकार रखता है या नहीं और प्रक्रिया का पालन हुआ है या नहीं.
SIR से जुड़ी याचिकाओं के अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन पैनल से CJI को बाहर रखने वाले नए कानून की वैधता से संबंधित याचिकाएं भी लंबित बताई गई हैं.
