चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं आने वाले लोग बिना डर के फॉर्म-6 भरकर दोबारा मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं. आयोग के मुताबिक, केवल इस आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया जाएगा कि उसका नाम पहले की मतदाता सूची में था, लेकिन SIR के दौरान जारी ड्राफ्ट सूची में नहीं आया.

यह स्पष्टीकरण आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में दिया है. आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों से इसे स्थानीय भाषाओं में व्यापक रूप से प्रचारित करने को कहा है. कुछ मतदाताओं को आशंका थी कि फॉर्म-6 भरने पर जनप्रतिनिधित्व कानून, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई हो सकती है.

हालांकि, आयोग ने इसके साथ कुछ शर्तें भी बताई हैं. संबंधित व्यक्ति का नाम किसी दूसरी लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए और फॉर्म में की गई घोषणा कानून के अनुरूप होनी चाहिए.

छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया

आयोग ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट यानी ASDD श्रेणी में रखे गए मतदाताओं को दोबारा जोड़ने के लिए भी कदम उठाने की जानकारी दी है. 6 नवंबर 2026 को SIR वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे.

मतदाता अपना भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म, Annexure-A के साथ, मौजूदा सामान्य निवास क्षेत्र के निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी या बूथ लेवल ऑफिसर को दे सकते हैं. जिन लोगों ने पता नहीं बदला है और पहले फॉर्म जमा नहीं कर पाए, वे Annexure-B के साथ हस्ताक्षरित फॉर्म खुद या परिवार के किसी सदस्य के जरिए जमा कर सकते हैं. ECINET पर ई-साइन के साथ ऑनलाइन जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी.

आयोग ने कहा है कि योग्य मतदाताओं को अंतिम सूची में नाम शामिल कराने का अवसर दिया जाएगा और साथ ही मतदाता सूची में दोहराव रोकने का ध्यान रखा जाएगा.