निर्वाचन आयोग ने बॉम्बे हाई कोर्ट में कहा है कि Special Intensive Revision (SIR) के दौरान तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी मतदाता का नाम नहीं दिखना अपने-आप नाम हटाए जाने का प्रमाण नहीं है. यह दलील गोवा निवासी परेश सालगांवकर और उनके परिवार के पांच सदस्यों की याचिका पर सुनवाई के दौरान दी गई. गोवा पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया.
सुनवाई में आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आशुतोष कुंभकोणी ने SIR और Special Summary Revision (SSR) के बीच अंतर बताया. उनके अनुसार, SIR में मतदाता सूची नए सिरे से तैयार की जाती है, जबकि SSR में मौजूदा सूची को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मिली जानकारी के आधार पर अपडेट किया जाता है. आयोग के वकील ने कहा कि नए सिरे से तैयार हो रही ड्राफ्ट सूची में नाम का अभाव तकनीकी रूप से नाम हटाए जाने के बराबर नहीं माना जा सकता.
यह मामला उत्तर गोवा जिले के सेंट क्रूज विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले याचिकाकर्ता से जुड़ा है. आयोग की ओर से यह भी कहा गया कि याचिकाकर्ता SIR से पहले आठ से दस वर्षों तक मतदाता सूची में दर्ज पते पर नहीं रहे थे और पुनरीक्षण शुरू होने से पहले उन्होंने पता बदलने के लिए आवेदन नहीं किया था. हालांकि, ये आयोग की ओर से अदालत में रखे गए दावे हैं.
याचिकाकर्ता के वकील विवेक रॉड्रिग्स ने घटनाक्रम बताते हुए कहा कि गणना प्रक्रिया 4 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने 8 नवंबर को पुराने तथा नए, दोनों पतों का दौरा किया था. उनके अनुसार, 12 नवंबर को याचिकाकर्ता ने BLO से गणना फॉर्म मांगा, लेकिन उसे पुराने पते पर भेजे जाने की बात कहकर फॉर्म देने से इनकार किया गया.
रॉड्रिग्स ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता ने बाद में पता बदलने के लिए Form 8 जमा किया, जिसकी प्राप्ति निर्वाचन आयोग ने 8 दिसंबर 2025 को स्वीकार की. 16 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित हुई, जिसमें याचिकाकर्ता का नाम नहीं था. उनके अनुसार, BLO ने बताया था कि Form 8 आवेदन अभी प्रक्रिया में है और खारिज नहीं हुआ है.
वकील ने आगे कहा कि 17 जनवरी 2026 को आवेदन को Electoral Registration Officer (ERO) को भेजे जाने की सूचना मिली, जबकि ड्राफ्ट सूची पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 19 जनवरी थी. आवेदन 21 जनवरी को खारिज किया गया. पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि याचिका में SIR प्रक्रिया को समग्र रूप से चुनौती नहीं दी गई है.
