विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद मणिपुर और सिक्किम की अंतिम फोटो मतदाता सूचियां 6 सितंबर को जारी कर दी गईं. दोनों राज्यों में कुल 1,85,070 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं. इनमें मणिपुर के 1,32,456 और सिक्किम के 52,614 मतदाता शामिल हैं.
SIR से पहले मणिपुर में 20,93,076 और सिक्किम में 4,71,081 मतदाता दर्ज थे. अंतिम सूची में मणिपुर में 19,60,620 और सिक्किम में 4,18,467 पात्र मतदाता रह गए हैं. मणिपुर में हटाए गए नाम कुल मतदाताओं के करीब 6.3% और सिक्किम में करीब 11.2% हैं.
मणिपुर में दावों और आपत्तियों के बाद बदलाव
मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के मुताबिक, 5 जुलाई को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में 19,34,399 मतदाता थे. दावे और आपत्तियों की अवधि में प्राप्त 96,985 मामलों पर कार्रवाई की गई. इसके अलावा, 5 जुलाई से पहले प्राप्त सभी फॉर्म को भी अंतिम प्रकाशन से पहले निपटाया गया.
अधिकारी के बयान के अनुसार, मसौदा सूची में 56,871 मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 30,650 नाम हटाए गए. इसके अलावा, जिन 1,58,677 मतदाताओं के enumeration form प्राप्त नहीं हुए, उन्हें मसौदा सूची से बाहर रखा गया था. इनमें 72,473 मतदाताओं को स्थानांतरित, 43,000 को मृत, 34,740 को अनुपस्थित और 7,394 को दोहरी प्रविष्टि के रूप में चिह्नित किया गया. 1,070 मामले अन्य श्रेणियों में रखे गए.
मणिपुर में 3 मई 2023 को जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं. SIR से पहले कुकी-जो संगठनों ने आशंका जताई थी कि संघर्ष के कारण विस्थापित हुए समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से हट सकते हैं. सरकार ने इन आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की थी. उपलब्ध जानकारी में यह नहीं बताया गया है कि हटाए गए नामों में कितने विस्थापित मतदाता शामिल हैं.
अंतिम सूची में मणिपुर की महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है. राज्य में 10,06,962 महिला और 9,53,350 पुरुष मतदाता दर्ज हैं. तीसरे लिंग के 308 मतदाता भी सूची में शामिल हैं. इस आधार पर राज्य का लिंग अनुपात प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 1,056 महिला मतदाताओं का है.
सिक्किम में सुनवाई के बाद 16,485 लोग अपात्र पाए गए
सिक्किम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, जुलाई में जारी मसौदा सूची में 4,33,294 मतदाता थे. इनमें 3,61,159 यानी 83.35% मतदाताओं का मिलान उनके या उनके माता-पिता के पिछले मतदाता विवरण से हो गया था. शेष 72,135 मतदाताओं का पुराने विवरण से मिलान नहीं हो सका.
डिजिटल जांच प्रणाली ने मिलान किए गए मतदाताओं में से 52,384 मामलों में “तार्किक विसंगतियां” चिन्हित कीं. बिना मिलान वाले और विसंगति वाली श्रेणियों में शामिल कुल 1,24,519 मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए गए. बयान के मुताबिक, सुनवाई और सत्यापन के बाद 16,485 मतदाता अपात्र पाए गए.
इसके अलावा, मृत्यु या पते से स्थानांतरित होने जैसे कारणों से Form-7 के जरिए 324 नाम हटाए गए. दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में कुल 16,809 मतदाता हटाए गए, जबकि 1,982 मतदाताओं के नाम दोबारा अंतिम सूची में शामिल किए गए.
सिक्किम की अंतिम सूची में 2,12,534 पुरुष, 2,05,931 महिला और तीसरे लिंग के दो मतदाता हैं. दोनों राज्यों के निर्वाचन अधिकारियों ने कहा है कि अंतिम मतदाता सूचियां भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में प्रकाशित की गई हैं.
