निर्वाचन आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान मतदाता सूची से छूट गए कुछ लोगों को नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर देने का फैसला किया है. यह सुविधा उन मतदाताओं के लिए होगी जिन्हें ‘एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड और डुप्लिकेट’ यानी ASDD श्रेणी में रखा गया था.

इन मतदाताओं के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन फॉर्म वापस नहीं मिलने के कारण उनके नाम SIR के दौरान तैयार ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में शामिल नहीं हो सके. आयोग के निर्देश दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड में लागू होंगे.

किन लोगों को मिलेगा लाभ

यह मौका केवल उन लोगों को मिलेगा जिनका नाम पहले किसी मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन SIR प्रक्रिया के दौरान उनका नाम छूट गया या हटा दिया गया. जो व्यक्ति कभी मतदाता सूची में दर्ज ही नहीं रहे, वे इस विशेष सुविधा के दायरे में नहीं होंगे. आयोग ने दोहरे नामांकन को रोकने के निर्देश भी दिए हैं.

यदि किसी मतदाता को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम नहीं मिल रहा है और उसे ASDD श्रेणी में बताया गया है, तो वह दावा-आपत्ति प्रक्रिया के दौरान नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) दोबारा संपर्क कर सकते हैं. आवेदन के लिए आधार, वोटर आईडी और पते से जुड़े दस्तावेज तैयार रखने को कहा गया है.

इससे पहले आयोग ने कहा था कि ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर Form-6 के जरिए दोबारा नाम जोड़ने का आवेदन किया जा सकता है. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया था कि लंबे समय से मतदाता रहे लोगों को भी इस स्थिति में Form-6 भरना होगा और इसे झूठा शपथपत्र नहीं माना जाएगा.

SIR पूरा हो चुके राज्यों के लिए Form-6 में 2003 की मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी वाला अतिरिक्त घोषणा-पत्र हटाए जाने की भी जानकारी दी गई है.