चुनाव आयोग ने Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से छूट गए लोगों को नाम दोबारा जोड़ने का अवसर देने का फैसला किया है. यह सुविधा उन मतदाताओं के लिए होगी, जिन्हें Absentees, Shifted, Dead या Duplicate यानी ASDD श्रेणी में दर्ज किया गया था और जिनके Enumeration Form वापस नहीं मिले थे.

आयोग के निर्देश दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड में लागू होंगे. आयोग ने यह भी कहा है कि प्रक्रिया के दौरान एक ही व्यक्ति का नाम दो बार दर्ज न हो, इसका ध्यान रखा जाए.

यह सुविधा केवल उन लोगों के लिए है, जिनका नाम पहले मतदाता सूची में था, लेकिन SIR के दौरान कट गया. जिन लोगों का नाम कभी किसी मतदाता सूची में रहा ही नहीं, वे इस विशेष व्यवस्था का लाभ नहीं उठा सकेंगे.

यदि किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है और उसे ASDD श्रेणी में बताया गया है, तो वह दावा-आपत्ति प्रक्रिया के दौरान फॉर्म भरकर नाम शामिल कराने का अनुरोध कर सकता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संबंधित Booth Level Officer (BLO) मतदाता के घर दोबारा भी जा सकते हैं. आवेदक को आधार कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र और पते का प्रमाण तैयार रखने को कहा गया है.

दिल्ली में SIR से पहले करीब 1.45 करोड़ मतदाता थे. 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में लगभग 97.53 लाख नाम शामिल किए गए, जबकि करीब 47.57 लाख नाम उसमें नहीं थे.

इससे पहले आयोग ने स्पष्ट किया था कि ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 के जरिए फिर से नाम जुड़वाया जा सकता है. 10 साल से मतदाता रहे लोगों को भी यही फॉर्म भरना होगा. आयोग ने यह भी कहा था कि इसे गलत शपथपत्र नहीं माना जाएगा और इसके आधार पर कोई मामला दर्ज नहीं होगा.

SIR पूरी कर चुके राज्यों के लिए फॉर्म-6 में 2003 की मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और संबंधित अतिरिक्त घोषणा हटाई जा चुकी है. अब आवेदक को अपने, माता-पिता या दादा-दादी का नाम उस सूची में होने की जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी.