विपक्षी INDIA गठबंधन की 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली के बीच BJP ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर राष्ट्रव्यापी जनअभियान की योजना बनाई है. इस अभियान में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता पदयात्राओं के जरिए जनता तक पहुंचेंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 1 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा शिमला में पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. इसके अगले दिन हैदराबाद और 5 नवंबर को हरियाणा के करनाल में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. करनाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शामिल होने की बात कही गई है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य केंद्रीय मंत्री विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों के जवाब में अभियान चलाएंगे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पदयात्राओं का नेतृत्व करेंगे.

BJP ने हर जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित करने और प्रत्येक पदयात्रा में करीब 10,000 लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है. अभियान का समन्वय तरुण चुघ, भूपेंद्र यादव, हरीश द्विवेदी और शिवराज सिंह चौहान को सौंपा गया है.