SIR में कथित गड़बड़ियों और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने कहा है कि किसी राजनीतिक दल या प्रतिनिधिमंडल ने उससे मिलने के लिए तय प्रक्रिया के तहत समय नहीं मांगा था. विपक्षी सांसद दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के बाहर एकत्र हुए थे और आयोग से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की मांग कर रहे थे.
आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उसे राजनीतिक दलों के मार्च और मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए सांसदों के मिलने की इच्छा की जानकारी मिली. आयोग ने कहा कि 6 अक्टूबर को शाम 4 बजे तक किसी दल या प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक रूप से बैठक का समय नहीं मांगा था. इसके बाद दिल्ली पुलिस के जरिए उसे पता चला कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक दल आयोग से मिलना चाहता है.
आयोग ने बताई बैठक की तय प्रक्रिया
चुनाव आयोग के मुताबिक, 2025 में राजनीतिक दलों के साथ बैठकों के लिए एक प्रक्रिया तय की गई थी और इसकी जानकारी सभी दलों को दी गई थी. इसके तहत किसी दल या संयुक्त प्रतिनिधिमंडल को अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से पहले समय मांगना होता है. साथ ही, बैठक का उद्देश्य भी बताना जरूरी है. आयोग अपने कार्यक्रम के अनुसार बैठक का समय तय करता है.
आयोग ने कहा कि पुलिस के माध्यम से उसे लगभग 240 सांसदों के साथ बैठक और संसद भवन के एनेक्सी भवन में मुलाकात का प्रस्ताव पता चला. उसने इस अनुरोध को असामान्य बताया और कहा कि संसद भवन में ऐसी बैठक का अनुरोध संसद की ओर से आना चाहिए था. आयोग के अनुसार, उसके प्रोटोकॉल के तहत ऐसी बैठकें आम तौर पर आयोग के परिसर में होती हैं.
आयोग ने ज्ञापन लेने के लिए अपने सबसे वरिष्ठ अधिकारी को बैठक स्थल पर भेजने का प्रस्ताव दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी सांसदों ने इसे स्वीकार नहीं किया. आयोग ने कहा कि राजनीतिक दल तय प्रक्रिया के तहत कभी भी मिलने का समय मांग सकते हैं और बैठक का उद्देश्य बता सकते हैं.
