नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जवाब में कहा है कि इस प्रक्रिया से जुड़े सभी प्रमुख फैसले आयोग ने सर्वसम्मति से लिए. आयोग ने उन याचिकाओं को खारिज करने की मांग की, जिनमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कामकाज और आयोग की निर्णय प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं.
आयोग के अनुसार, SIR से संबंधित तीन आदेश 24 जून 2025, 27 अक्टूबर 2025 और 14 मई 2026 को जारी किए गए थे. हलफनामे में कहा गया कि इन सभी आदेशों को आयोग के तीनों सदस्यों की मंजूरी प्राप्त थी.
आयोग ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ताओं के दावे मुख्य रूप से एक समाचार रिपोर्ट पर आधारित हैं और केवल समाचार रिपोर्ट को अदालत में तथ्यात्मक प्रमाण नहीं माना जा सकता. आयोग ने आरोपों को गलत और कानूनी रूप से टिकाऊ नहीं बताते हुए याचिकाएं खारिज करने का अनुरोध किया.
जवाब में Form 6 में बदलाव के आरोप से भी इनकार किया गया है. Form 6 नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल किया जाता है. मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 27 अक्टूबर 2026 को सुनवाई प्रस्तावित है.
