बिहार के सीवान जिले में पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट में पति-पत्नी और उनकी बेटी समेत सात लोगों की मौत हो गई. घटना जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में एक मकान में हुई, जहां पटाखों का निर्माण किया जा रहा था.

जानकारी के अनुसार, अचानक विस्फोट शुरू होने के बाद पूरा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे. विस्फोट के बाद शव सड़क पर बिखरे मिले.

एसडीपीओ के मुताबिक, दमकल की गाड़ियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की जा रही थी. आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना की जांच की जाएगी.

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. अधिकारियों के अनुसार, यहां करीब 20 साल पहले पटाखे बनाने का लाइसेंस लिया गया था. हालांकि, लाइसेंस अभी वैध था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.

यह मकान घनी आबादी वाले इलाके में स्थित बताया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राहत और जांच की कार्रवाई आग पर नियंत्रण के बाद आगे बढ़ाई जाएगी.