नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इमिग्रेशन और विदेशी नागरिकों से जुड़े नियमों में संशोधन करते हुए अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से भारत आए छह गैर-मुस्लिम समुदायों के लोगों के लिए वीजा संबंधी प्रावधान बदला है. संशोधन के तहत ऐसे लोगों को भारत में अपने प्रवास को जारी रखने के लिए उपयुक्त श्रेणी का वीजा लेना अनिवार्य होगा. यह प्रावधान उन लोगों पर लागू है, जो धार्मिक उत्पीड़न या उसके डर के कारण भारत आए और 31 दिसंबर 2024 तक बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के दाखिल हुए या जिनके दस्तावेज बाद में समाप्त हो गए.

गृह मंत्रालय ने यह बदलाव Immigration and Foreigners (Exemption) (Amendment) Order, 2026 के जरिए अधिसूचित किया है. नई व्यवस्था पुराने प्रावधान की जगह लेगी, जिसके तहत भारत आने के 180 दिन पूरे होने के बाद 14 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना जरूरी था. संशोधित आदेश में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति को भारत में प्रवेश के बाद अपने निरंतर प्रवास के लिए उपयुक्त श्रेणी का वीजा प्राप्त करना होगा.

किन समुदायों पर लागू होगा प्रावधान

यह व्यवस्था हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के उन नागरिकों पर लागू होगी, जो इन तीन पड़ोसी देशों से आए हैं. सितंबर 2025 की अधिसूचना के तहत इन समुदायों को भारत में प्रवेश और प्रवास के समय वैध पासपोर्ट या वीजा रखने की अनिवार्यता से छूट दी गई थी. ताजा संशोधन उस छूट को पूरी तरह समाप्त नहीं करता, लेकिन भारत में आगे रहने के लिए वीजा लेने की शर्त जोड़ता है.

यह बदलाव नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 के प्रावधानों से भी जुड़ा है. सीएए में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के इन छह गैर-मुस्लिम समुदायों के उन लोगों के लिए भारतीय नागरिकता हासिल करने की प्रक्रिया तेज करने का प्रावधान है, जो 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आए थे.

नेपाल-भूटान यात्रा के नियमों में भी बदलाव

अधिसूचना में भारतीय, नेपाली और भूटानी नागरिकों की सीमा-पार यात्रा से जुड़े प्रावधानों को भी व्यवस्थित किया गया है. भारत से नेपाल या भूटान जाने वाले और नेपाल या भूटान से भारत आने-जाने वाले नागरिकों को अब आव्रजन अधिकारियों के सामने Visa Manual में निर्धारित पहचान दस्तावेज पेश करने होंगे.

हालांकि, भारत-नेपाल या भारत-भूटान सीमा से किसी तीसरे देश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को पासपोर्ट की छूट नहीं मिलेगी. उन्हें वैध पासपोर्ट रखना होगा और निर्धारित इमिग्रेशन चेकपॉइंट का इस्तेमाल करना होगा. इसी तरह नेपाल और भूटान के नागरिकों को भारत, नेपाल या भूटान के अलावा किसी अन्य देश की यात्रा के लिए वैध पासपोर्ट और वीजा रखना होगा. चीन, मकाऊ, हांगकांग या पाकिस्तान से यात्रा शुरू करने अथवा वहां से होकर आने वालों पर भी यह शर्त लागू होगी.

अन्य श्रेणियों के लिए प्रावधान

संशोधित आदेश में तिब्बती शरणार्थियों और पंजीकृत श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों से जुड़े प्रावधानों को भी पुनर्गठित किया गया है. 9 जनवरी 2015 तक भारत में शरण लेने वाले पंजीकृत श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों को पासपोर्ट, यात्रा दस्तावेज या वीजा न होने पर दंडात्मक प्रावधानों से मिली छूट बरकरार है.

तिब्बती नागरिकों के लिए भी पहले से लागू छूट जारी रहेगी, बशर्ते वे निर्धारित प्रवेश परमिट के आधार पर भारत आए हों, संबंधित अधिकारी के साथ पंजीकृत हों और पंजीकरण प्रमाणपत्र हासिल करें. कुछ पाकिस्तानी नागरिकों, विभाजन के दौर के प्रवासियों और भारतीय मूल के ऐसे लोगों के लिए भी प्रावधान बदले गए हैं, जिन्हें विदेशी पासपोर्ट के नवीनीकरण में कठिनाई होती है. इन श्रेणियों के अंतर्गत आने वालों को भी भारत में जारी रहने के लिए उपयुक्त वीजा लेना होगा.