स्कोडा ऑटो और जेएसडब्ल्यू ग्रीन मोबिलिटी ने भारत में संभावित रणनीतिक साझेदारी के लिए नॉन-बाइंडिंग मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. दोनों कंपनियां एक संयुक्त उपक्रम स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार कर रही हैं.
नॉन-बाइंडिंग एमओयू का मतलब है कि इस चरण में दोनों पक्षों पर साझेदारी को अंतिम रूप देने की कानूनी बाध्यता नहीं है. जेएसडब्ल्यू के प्रवक्ता के मुताबिक, बातचीत अभी शुरुआती दौर में है और कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
भारत में कारों के विकास और उत्पादन पर फोकस
प्रस्तावित संयुक्त उपक्रम भारत के लिए कारों के विकास, उनके निर्माण और बिक्री पर ध्यान देगा. इन वाहनों को दूसरे देशों में निर्यात करने की संभावना भी तलाशी जाएगी.
साझेदारी के तहत अलग-अलग पावरट्रेन वाली कारों पर विचार किया जा सकता है. इनमें इंटरनल कंबशन इंजन, प्लग-इन हाइब्रिड, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं.
दोनों कंपनियां स्कोडा की इंजीनियरिंग और उत्पाद क्षमता को जेएसडब्ल्यू ग्रुप की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के साथ जोड़ने की संभावनाएं तलाशेंगी. साझेदारी में डीप लोकलाइजेशन और प्लेटफॉर्म सिनर्जी के जरिए भारतीय बाजार के लिए प्रतिस्पर्धी उत्पाद विकसित करने पर जोर रहेगा.
जेएसडब्ल्यू का ऑटो कारोबार बढ़ने की संभावना
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित साझेदारी जॉइंट कंट्रोल मॉडल पर आधारित हो सकती है. अगर यह समझौता आगे बढ़ता है, तो ऑटोमोबाइल क्षेत्र में यह जेएसडब्ल्यू का तीसरा प्रमुख वर्टिकल हो सकता है.
जेएसडब्ल्यू पहले से एमजी मोटर के साथ काम कर रही है और अपना अलग ऑटोमोबाइल ब्रांड विकसित करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है. हालांकि, स्कोडा और जेएसडब्ल्यू के बीच अंतिम साझेदारी, निवेश, उत्पादन योजना या लॉन्च टाइमलाइन की घोषणा अभी नहीं हुई है.
