सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो की जांच करने वाले कर्मचारियों की मानसिक सेहत पर गंभीर असर पड़ने की बात सामने आई है. मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाके में रहने वाली ‘सोनिया’ (बदला हुआ नाम) के मुताबिक, उन्हें रोज करीब 1,500 तस्वीरों और वीडियो की समीक्षा करनी पड़ती है. हर सामग्री पर निर्णय लेने के लिए लगभग 19 सेकंड मिलते हैं.

सोनिया ने बताया कि इस काम के दौरान पहले उन्हें माइग्रेन हुआ, फिर घबराहट और अब बार-बार डरावने सपने आने लगे हैं. उनके अनुसार, आंखें बंद करने पर भी बच्चों के शोषण से जुड़ी छवियां याद आती रहती हैं. उन्हें इस काम के लिए लगभग 20 हजार रुपये महीने का वेतन मिलता है.

एक अन्य कर्मचारी ‘अनुज’ (बदला हुआ नाम) ने कहा कि लगातार ऐसी सामग्री देखने से उनकी संवेदनाएं प्रभावित हुईं. उन्हें ऐसे सपने आने लगे जिनमें वे खुद बच्चों को नुकसान पहुंचा रहे होते थे. इससे उन्हें डर लगने लगा कि कहीं वे वास्तविक जीवन में भी कोई अपराध न कर बैठें.

भारत में करीब 70 हजार मॉडरेटर होने का दावा

आईटी उद्योग संगठन नैस्कॉम के हवाले से बताया गया है कि 2021 तक भारत में करीब 70 हजार लोग कंटेंट मॉडरेशन का काम कर रहे थे. इनमें हर पांच में से चार कर्मचारी ग्रामीण या वंचित समुदायों से बताए गए हैं. महिलाओं की हिस्सेदारी आधी या उससे अधिक होने का भी दावा किया गया है.

क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट ऋषिका सिमरन मुखर्जी के मुताबिक, ऐसे कर्मचारियों में अनचाही यादें, चिड़चिड़ापन और नींद खराब होने जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं. गंभीर मामलों में यह पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) का रूप ले सकता है. लंबे समय तक तनाव, अकेलापन और बेबसी आत्महत्या के जोखिम को बढ़ा सकते हैं. नौकरी छोड़ने के बाद भी मानसिक आघात कई महीनों तक बना रह सकता है.

आउटसोर्सिंग से जवाबदेही का सवाल

सुप्रीम कोर्ट के वकील और साइबर कानून विशेषज्ञ विराग गुप्ता ने कहा कि भारत में काम करने वाले कर्मचारियों को अक्सर विदेशी सोशल मीडिया कंपनियों से सीधे रोजगार अनुबंध नहीं मिलता. उनके मुताबिक, इससे श्रम अधिकारों और मानसिक स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जवाबदेही तय करना मुश्किल होता है.

कोलंबिया यूनिवर्सिटी की विशेषज्ञ अनिका कोलियर नवारोली ने इस व्यवस्था में काम करने वालों को ‘घोस्ट वर्कर्स’ कहा है. उनके अनुसार, विदेशी कंपनियां नियम बनाती हैं, जबकि भारत में छोटी एजेंसियां कर्मचारियों की भर्ती करती हैं. इससे नुकसान की स्थिति में जिम्मेदार कंपनी तय करने की प्रक्रिया जटिल हो जाती है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 के आईटी नियमों के तहत विदेशी सोशल मीडिया कंपनियों को भारत में शिकायत और नोडल अधिकारी नियुक्त करना होता है. हालांकि, कर्मचारियों के नियुक्ति पत्र और गोपनीयता समझौते में मानसिक नुकसान की स्थिति में सहायता का स्पष्ट प्रावधान नहीं होने का दावा किया गया है.