महाराष्ट्र के सोलापुर जिले की माढ़ा तहसील स्थित तुलशी गांव में जलसंकट के विरोध का अनोखा तरीका सामने आया है. ग्रामीणों ने गांव के बाहर ‘गांव बिक्री के लिए, कीमत—पानी’ का बोर्ड लगाया है. बोर्ड के जरिए उन्होंने सरकार का ध्यान लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या की ओर खींचने की कोशिश की है.
तुलशी की आबादी करीब 7,000 बताई गई है. ग्रामीणों के अनुसार, अधूरी सिंचाई परियोजना के कारण गांव कई वर्षों से पानी के टैंकरों पर निर्भर है. उनका दावा है कि गांव के पास से नहरें गुजरती हैं, लेकिन तुलशी तक पानी नहीं पहुंच रहा. इस साल कम बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है.
800 मीटर का काम 26 साल से अधूरा
गांव के सरपंच शरद मोरे के अनुसार, सीना-माढ़ा परियोजना के सातवें और आठवें आउटलेट के पास करीब 800 मीटर खुदाई का काम 26 वर्षों से लंबित है. उनका कहना है कि यह काम पूरा होने पर गांव की पानी की समस्या स्थायी रूप से दूर हो सकती है.
ग्रामीणों ने 14 सितंबर को पानी की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की थी. इसके बाद माढ़ा तहसील कार्यालय के बाहर थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया गया. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समाधान नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे आगे और तेज किया जा सकता है.
14 कुएं और तालाब सूखे
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत काम होने के बावजूद स्थानीय जलस्रोत सूख जाने से उसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा. तुलशी में 14 कुएं और तालाब पूरी तरह सूख चुके हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, इन जलस्रोतों को भरने से पेयजल और सिंचाई की समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है.
गांव के अधिकांश लोग खेती और पशुपालन पर निर्भर हैं. सरपंच ने दावा किया कि जलसंकट के कारण करीब 350 युवकों की शादी नहीं हो पा रही है और परिवार अपनी बेटियां यहां देने के लिए तैयार नहीं हैं. राज्य सरकार ने 26 सितंबर को 358 में से 265 तहसीलों में सूखा घोषित करने और राहत पैकेज की घोषणा की थी.
