क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने गुरुवार रात जारी एक वीडियो में दावा किया कि उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनके घर के बाहर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं और उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
लद्दाख पुलिस का कहना है कि यह हाउस अरेस्ट नहीं है. पुलिस के मुताबिक, 4 दिसंबर को होने वाले पहाड़ी परिषद चुनाव के दौरान लागू निषेधाज्ञा का पालन कराया जा रहा है. एक दिन पहले पुलिस वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाकर उनके घर ले गई थी.
वांगचुक और लद्दाख के कुछ संगठन चुनाव को सर्दियों में कराने का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि दिसंबर में लद्दाख में अत्यधिक ठंड पड़ती है और बड़ी संख्या में लोग सर्दियों के दौरान लेह से बाहर जम्मू या दिल्ली चले जाते हैं. ऐसे में कई मतदाता मतदान से वंचित हो सकते हैं. प्रदर्शनकारी चुनाव अप्रैल-मई 2027 तक टालने की मांग कर रहे हैं.
प्रदर्शनकारियों ने नए 100 निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि सीटों का बंटवारा पर्याप्त बातचीत के बिना किया गया. लेह में लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन और गोंपा एसोसिएशन ने भी चुनाव बहिष्कार का समर्थन किया है.
वांगचुक की अन्य मांगें
वांगचुक ने 24 सितंबर की घटना पर गठित कमीशन ऑफ इन्क्वायरी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग दोहराई. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाया जा रहा है. वांगचुक ने कहा कि मांगें पूरी होने तक लद्दाख में प्रदर्शन जारी रहेंगे और इस मामले में मजिस्ट्रेट, हाईकोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे.
4 दिसंबर को मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 8 दिसंबर को निर्धारित है. इस बार पहली बार लद्दाख के आठ जिलों में आठ अलग-अलग परिषदें बनने की बात कही गई है. पहले लेह और कारगिल में दो परिषदें थीं.
