लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और क्षेत्र को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर सोनम वांगचुक ने सरकार को 2 अक्टूबर तक की समयसीमा दी है. दिल्ली में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अब तक बहुत कम प्रगति हुई है.

वांगचुक ने कहा कि अगर 2 अक्टूबर तक सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया, तो शांतिपूर्ण प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा. यह बयान लेह में 24 सितंबर को हुई हिंसा के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में लिए जाने की घटना के एक साल पूरे होने के मौके पर आया है. उस हिंसा में पुलिस कार्रवाई के दौरान चार लोगों की मौत हुई थी.

जांच और नीतिगत फैसलों पर सवाल

वांगचुक ने हिंसा की जांच के लिए गठित आयोग की रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अधिकारी, उपराज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री इन कार्रवाइयों के आदेशों को लेकर कब जवाब देंगे.

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों से सलाह लिए बिना जमीन, औद्योगिक नीति, पर्यटन नीति और स्थानीय शासन से जुड़े फैसले किए जा रहे हैं.

9 सितंबर को लद्दाख की उप-समिति और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच बैठक हुई थी. इसमें एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के नेता शामिल हुए थे. लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा के अनुसार, बैठक में स्थानीय आबादी के हितों की रक्षा के लिए संविधान के अनुच्छेद 371 के तहत विशेष प्रावधानों पर चर्चा हुई.