जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को पर्यटकों को ले जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर करीब 60 फीट गहरी खाई में गिर गया. हादसा कंगन इलाके में गुंड सुंबल पावर हाउस के पास हुआ. वाहन सोनमर्ग से श्रीनगर की ओर जा रहा था. हादसे में ड्राइवर समेत कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई गई है.
जानकारी के अनुसार, वाहन अचानक सड़क से नीचे उतर गया और खाई में जा गिरा. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को निकालने के लिए सोनमर्ग, गुंड और गनीवन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत आसपास की चिकित्सा सुविधाओं से एंबुलेंस बुलाई गईं.
सभी घायलों को पहले गुंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें शुरुआती उपचार दिया गया. इसके बाद डॉक्टरों ने सभी 18 घायलों को आगे के इलाज के लिए श्रीनगर के सौरा स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS) रेफर किया.
कंगन के सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी राजेश रैना ने बताया कि घायलों में गुजरात और पश्चिम बंगाल के पर्यटक शामिल हैं. प्राथमिक पहचान सूची में अहमदाबाद, सूरत, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और पंजाब के गुरदासपुर के लोग शामिल बताए गए हैं. वाहन चालक की पहचान गुरदासपुर निवासी जगदीश के रूप में हुई है.
प्राथमिक सूची के अनुसार कुछ घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. एक यात्री के कूल्हे और दूसरे के छाती के बाएं हिस्से में चोट बताई गई है. पुलिस के अनुसार हादसे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण चालक के नियंत्रण खोने की आशंका जताई गई है. घायलों और हादसे की परिस्थितियों से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है.
