सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging… A Journey of Love’ का आधिकारिक लॉन्च सोमवार शाम दिल्ली के होटल मौर्या में प्रस्तावित है. कार्यक्रम शाम 6 बजे शुरू होने की जानकारी है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, इसमें केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी शामिल हो सकते हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी ने विजय को फोन कर कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया है. मुख्यमंत्री बनने के बाद सोनिया गांधी के साथ विजय की यह दूसरी मुलाकात हो सकती है. इससे पहले जून में नीति आयोग की बैठक के लिए दिल्ली आने पर उनकी 10 जनपथ में सोनिया गांधी से मुलाकात हुई थी.

पुस्तक 10 नवंबर को बाजार में आ चुकी है. कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और गठबंधन के सहयोगियों के मौजूद रहने की संभावना है. सोनिया गांधी किताब और अपने सार्वजनिक जीवन पर संक्षिप्त वक्तव्य भी दे सकती हैं.

इससे पहले पुस्तक के लॉन्च के दौरान सोनिया गांधी ने आपातकाल को गलती बताया था और 1984 के सिख-विरोधी दंगों को शर्मनाक अध्याय कहा था. उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा के अनुसार, 544 पन्नों की इस पुस्तक को पूरा करने में 12 साल लगे. इसमें इटली में सोनिया का बचपन, 1965 में कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, भारत आना, हिंदी सीखना, राजीव गांधी की हत्या, राजनीति में प्रवेश और 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने जैसे प्रसंग शामिल हैं.

मेकेदातु मुद्दे पर भी चर्चा की संभावना

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विजय और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच मेकेदातु बांध परियोजना पर अलग से बातचीत हो सकती है. कर्नाटक कावेरी नदी पर इस परियोजना का समर्थन करता है, जबकि तमिलनाडु इसका विरोध करता है. हालांकि, TVK से जुड़े सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि विजय का दिल्ली दौरा फिलहाल पुस्तक लॉन्च के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम के लिए तय नहीं है.