सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ में लिखा है कि उनके बेटे राहुल गांधी को 1991 में अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की आशंका थी. पुस्तक के अनुसार, मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने कहा था कि अगर राजीव की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए भारत लौटना पड़ सकता है.

सोनिया के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी की जान को खतरा लगातार बढ़ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद उनकी सुरक्षा पहले जैसी नहीं रही. उन्होंने लिखा है कि राहुल मार्च 1991 में ईस्टर की छुट्टियों के दौरान भारत आए थे और अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर जाने की जिद की थी.

पुस्तक में दर्ज विवरण के अनुसार, बिहार दौरे के दौरान राजीव गांधी खुली जीप में सफर कर रहे थे. उस समय विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं ने जीप पर पत्थर और ईंटें फेंकीं. सोनिया ने लिखा है कि स्थानीय पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हमले को रोकने या राजीव को सुरक्षित निकालने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया.

SPG सुरक्षा हटाए जाने का दावा

सोनिया गांधी ने पुस्तक में लिखा है कि 1984 में प्रधानमंत्री बनने के समय राजीव गांधी को तीन आतंकवादी संगठनों से खतरा था. उनके अनुसार, 1990 तक कई अन्य चरमपंथी संगठन भी उनके लिए खतरा बन चुके थे और अधिकारियों को इसकी जानकारी थी.

पुस्तक के मुताबिक, दिसंबर में हुई एक समिति की बैठक में राजीव को मिली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) सुरक्षा जारी रखने का फैसला हुआ था. इसे नए खतरे के आकलन के बाद ही बदलने की बात कही गई थी. सोनिया का दावा है कि इसके बावजूद वीपी सिंह सरकार ने अगले महीने SPG सुरक्षा हटा दी और प्रशिक्षित सुरक्षा बल की जगह स्थानीय पुलिस तैनात की गई.

उन्होंने लिखा है कि कांग्रेस ने वीपी सिंह और चंद्रशेखर, दोनों प्रधानमंत्रियों से राजीव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. इसके बावजूद दौरों में उनके साथ कभी एक, तो बाद में बारी-बारी से दो पुलिसकर्मी रहते थे. सोनिया के अनुसार, उनके पास केवल एक पिस्तौल होती थी.

सोनिया ने यह भी लिखा है कि वह और प्रियंका गांधी राजीव के हर दौरे से सुरक्षित लौटने तक चिंतित रहती थीं. पुस्तक में उन्होंने इसे राजनीतिक दस्तावेज के बजाय अपने परिवार, निजी जीवन और भारत में बिताए पांच दशक से अधिक समय की कहानी बताया है.