कांग्रेस में गांधी परिवार के लगातार प्रभाव और परिवारवाद के आरोपों पर सोनिया गांधी ने कहा कि पार्टी के नेतृत्व से जुड़ा सवाल कांग्रेस से ही पूछा जाना चाहिए. ब्रिटिश अखबार द गार्जियन को दिए एक साक्षात्कार में उनसे पूछा गया था कि कांग्रेस गांधी परिवार के नेतृत्व से आगे क्यों नहीं बढ़ पा रही है.
सोनिया गांधी ने जवाब दिया, “आपको यह पार्टी से पूछना होगा.” परिवारवाद के आरोप पर उन्होंने कहा कि सभी नेता चुनाव लड़ते हैं और चुनाव जीतते-हारते हैं. द गार्जियन ने उनकी इस प्रतिक्रिया को आरोप का सीधा जवाब देने से बचने वाला बताया है.
साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के सामने एक विश्वसनीय विकल्प बन सकती है. हालांकि, बातचीत में कांग्रेस की लगातार चुनावी हार और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के प्रदर्शन पर उठने वाले सवालों का भी उल्लेख किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस अब सीमित राज्यों में सत्ता में है, जबकि भाजपा की हिंदुत्व विचारधारा का देश की राजनीति पर व्यापक प्रभाव बना हुआ है.
यूपीए सरकार और आपातकाल पर टिप्पणी
2004 से 2014 तक चली कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल और उससे जुड़े विवादों पर सोनिया गांधी ने कहा कि लगभग हर मामले में संबंधित मंत्रियों ने इस्तीफा दिया था.
बातचीत के दौरान 1975 में लगाए गए आपातकाल का मुद्दा भी उठा. सोनिया गांधी ने इसे गलती बताया और कहा कि उन्हें लगता है कि इंदिरा गांधी भी बाद में इस फैसले को लेकर सहज नहीं थीं. उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाने के फैसले को लेकर गांधी परिवार में मतभेद थे.
साक्षात्कार के साथ सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का संपादित अंश भी प्रकाशित किया गया है. पुस्तक अगले सप्ताह जारी होने वाली है.
इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या का दर्द
सोनिया गांधी ने 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद अपने व्यक्तिगत आघात को भी याद किया. उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाते समय उन्हें महसूस हो गया था कि वह शायद जीवित नहीं हैं.
उन्होंने उस दौर के बाद अवसाद और गहरे सदमे का जिक्र करते हुए कहा कि वह खुद को “एक भूत की तरह” महसूस करती थीं. बातचीत के दौरान उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी उनके आवास पर मौजूद थीं.
