सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘Belonging: A Journey of Love’ में अपने पहले बच्चे की मृत्यु का भावनात्मक विवरण साझा किया है. उनके अनुसार, जनवरी 1969 में उन्होंने समय से करीब दो महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के अगले दिन बच्चे की मौत हो गई.

संस्मरण में सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्होंने नवजात को इनक्यूबेटर में देखा था. उन्होंने बच्चे को छोटे, पूरी तरह विकसित शरीर, घने काले बाल और लंबी उंगलियों वाला बताया. उनके मुताबिक, वह और राजीव गांधी बच्चे को देखते ही उससे जुड़ गए थे.

बच्चे की हालत को लेकर डॉक्टरों ने पहले ही आशंका जताई थी. सोनिया गांधी के अनुसार, राजीव गांधी ने उन्हें सुबह करीब 6:30 बजे बच्चे की मौत की खबर दी. उन्होंने लिखा कि दोनों सदमे में थे और एक-दूसरे को थामकर रोए.

सोनिया गांधी ने यह भी याद किया कि राजीव गांधी, जिन्हें वह भावनाएं कम जाहिर करने वाला बताते हुए ‘stiff upper lip’ परवरिश से जोड़ती हैं, उस समय खुलकर रोए थे. बाद में बच्चे का अंतिम संस्कार परिवार के मेहरौली स्थित फार्महाउस में दफनाकर किया गया.

अक्टूबर 1969 में सोनिया गांधी फिर गर्भवती हुईं और 19 जून 1970 को राहुल गांधी का जन्म हुआ.