सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘Belonging: A Journey of Love’ में लिखा है कि राजीव गांधी की हत्या से करीब दो महीने पहले राहुल गांधी ने उनके सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जताई थी. राहुल ने कहा था कि अगर उनके पिता की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें जल्द ही अपने पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ेगा.
राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनावी सभा के दौरान आत्मघाती विस्फोट में हत्या कर दी गई थी. हमले में राजीव गांधी के अलावा 14 अन्य लोगों की भी मौत हुई थी.
सोनिया गांधी ने किताब में यह भी लिखा है कि राजीव गांधी की विशेष सुरक्षा समूह यानी SPG सुरक्षा हटाए जाने के बाद उनकी सुरक्षा स्थानीय पुलिस के भरोसे रह गई थी. उनके अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा का फैसला होने के बावजूद ऐसी समीक्षा नहीं की गई थी.
संस्मरण में सोनिया ने बताया कि प्रियंका गांधी ने उन्हें फोन पर विस्फोट और मौतों की खबर दी. बाद में राहुल गांधी से संपर्क हुआ. सोनिया के अनुसार, राहुल ने खबर सुनते ही समझ लिया था कि उनके पिता की मृत्यु हो गई है. पुस्तक में उस रात परिवार के सदमे और प्रियंका द्वारा संभाली गई परिस्थितियों का भी वर्णन है.
