सोनिया गांधी ने कहा है कि भारत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी विचारधारा अलग है. उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी से मुलाकात के करीब 60 साल बाद भी उनके व्यक्तित्व में मूलभूत बदलाव नहीं आया है, हालांकि अब वह पहले की तरह नहीं हंसतीं. ये बातें उन्होंने अपनी आगामी पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ पर दिए एक इंटरव्यू में कहीं. पुस्तक 10 नवंबर को जारी होने वाली है.

सोनिया गांधी के अनुसार, यह पुस्तक उनके निजी जीवन, राजीव गांधी के साथ संबंधों और भारत से उनके जुड़ाव की कहानी है. उन्होंने कहा कि इटली से भारत आने के बाद उन्होंने राजीव और इंदिरा गांधी से देश, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और जिम्मेदारी के बारे में सीखा. उनके मुताबिक, राजीव के परिवार और भारत से धीरे-धीरे बना लगाव ही उन्हें सार्वजनिक जीवन में आने की दिशा में ले गया.

उन्होंने बताया कि अपनी कहानी लिखने का विचार उन्हें काफी समय से था. पहली बार उन्होंने एक दशक से अधिक समय पहले लिखना शुरू किया था, जबकि गंभीरता से लेखन करीब पांच वर्ष पहले शुरू हुआ. यह प्रक्रिया लगातार नहीं चली. कभी विचार और शब्द आसानी से आते थे, तो कभी लिखना मुश्किल हो जाता था और उन्हें निराश होकर काम रोकना पड़ता था.

आपातकाल और इंदिरा गांधी पर राय

आपातकाल से जुड़े सवाल पर सोनिया गांधी ने कहा कि उस दौर में लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाया गया और बंदी प्रत्यक्षीकरण यानी हैबियस कॉर्पस के अधिकार को निलंबित किया गया. उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान हो रही घटनाओं की गंभीरता का उन्हें पूरी तरह अंदाजा बाद में हुआ.

उन्होंने यह भी कहा कि आपातकाल के लिए केवल संजय गांधी को जिम्मेदार मानना सही नहीं होगा. उनके अनुसार, इंदिरा गांधी पर कुछ वरिष्ठ सहयोगियों का भी दबाव था. सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अंततः स्थिति को समझते हुए मार्च 1977 में चुनाव कराने का फैसला लिया था और बाद में आपातकाल के दौरान हुए अत्याचारों पर सार्वजनिक रूप से खेद जताकर माफी भी मांगी थी.

मोदी, आरएसएस और कांग्रेस पर टिप्पणी

सोनिया गांधी ने कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से सीख लेने की जरूरत नहीं मानतीं. उन्होंने RSS, BJP और संघ परिवार को लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के लिए चुनौती बताया. साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुछ लोग धर्मनिरपेक्षता पर स्पष्ट रुख अपनाने से बचने की राय रखते थे, लेकिन यह पार्टी का आधिकारिक दृष्टिकोण नहीं है.

2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर उन्होंने कहा कि इस निर्णय को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं है. उनके मुताबिक, तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उन्होंने एक टीम की तरह काम किया—सरकार का नेतृत्व मनमोहन सिंह कर रहे थे और वह पार्टी का नेतृत्व कर रही थीं.

पुस्तक के प्रकाशक बदलने से जुड़े विवाद पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह इस विवाद में खुद को शामिल नहीं करना चाहतीं.