हरियाणा के सोनीपत जिले के बरोटा गांव में गुरुवार तड़के पॉलीफोम के एक गोदाम में भीषण आग लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य झुलस गए. पुलिस के अनुसार, फोम अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने से गोदाम को भारी नुकसान पहुंचा है. राहत और तलाशी अभियान के दौरान दो मजदूरों के शव बरामद किए गए.
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मजदूरों के रूप में की गई है. उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. शॉर्ट-सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
