असम के सोनितपुर जिले में एक ट्रक चालक ने कथित तौर पर BJP विधायक रितु बरन सरमह और उनके साथ मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं पर खंजर से हमला करने की कोशिश की. घटना विधायक के कार्यालय के सामने हुई. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रक ने पहले एक पार्टी कार्यकर्ता की खड़ी गाड़ी को टक्कर मारी थी. इसके बाद विधायक और कार्यकर्ताओं ने चालक से शांतिपूर्वक बात कर स्थिति संभालने की कोशिश की. आरोप है कि इसी दौरान चालक ने ट्रक से खंजर निकाला और विधायक की ओर बढ़ा.
घटना के वीडियो में चालक को भीड़ के बीच विधायक और अन्य लोगों की तरफ हथियार लेकर जाते देखा जा सकता है. विधायक को चोट नहीं आई. एक होमगार्ड और दो पार्टी कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात सामने आई है.
स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. चालक के नशे में होने का दावा रिपोर्ट्स में किया गया है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
