जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सुरक्षा बलों ने एक प्राकृतिक गुफा से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है. यह कार्रवाई बोमई पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मूकाम चेरहर के जंगलों में मिली खुफिया सूचना के आधार पर की गई.

तलाशी के दौरान एक बड़े पत्थर के नीचे छिपा नीले रंग का प्लास्टिक बैरल और एक बैग मिला. पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में एक AK-47, एक AK-76, चार पिस्तौल, सात मैगजीन, एक मल्टी ग्रेनेड लॉन्चर और उसके पांच राउंड शामिल हैं. इसके अलावा 11 हैंड ग्रेनेड, रिमोट कंट्रोल से जुड़े तीन IED, आठ डेटोनेटर और दो टाइमर भी मिले हैं.

मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाकर सामग्री की जांच और सुरक्षित तरीके से उसे कब्जे में लेने की कार्रवाई की गई. पुलिस ने बोमई थाने में UAPA की धाराओं 13, 18, 20 और 23, Arms Act की धारा 7/25 तथा Explosive Substances Act की धारा 5 के तहत FIR दर्ज की है.

अधिकारियों के मुताबिक, जांच का उद्देश्य बरामद सामग्री के स्रोत, उसे छिपाने वालों और संभावित आतंकी कड़ियों का पता लगाना है.