श्रीलंका की एक विशेष अदालत ने 2019 के ईस्टर संडे बम धमाकों से जुड़े मामले में 15 लोगों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 220 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है. तीन जजों की पीठ ने 24 आरोपियों के खिलाफ चले मुकदमे में फैसला सुनाया.

अदालत के अनुसार, दोषियों पर हत्या, आतंकवादी साजिश और विस्फोटक व हथियार रखने समेत कई आरोप साबित हुए. मामले में नौ आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर रिहा करने का आदेश दिया गया. अदालत ने दोषियों की चल-अचल संपत्तियां राज्य के पक्ष में जब्त करने का निर्देश भी दिया.

21 अप्रैल 2019 को हुए सिलसिलेवार आत्मघाती हमलों में श्रीलंका के चर्चों और होटलों को निशाना बनाया गया था. इन हमलों में 260 से अधिक लोगों की मौत हुई और करीब 500 लोग घायल हुए थे. घटना के बाद यह मामला देश के सबसे महत्वपूर्ण आतंकवाद-विरोधी मुकदमों में शामिल हो गया था.

मुकदमे की सुनवाई करीब पांच साल चली और अभियोजन पक्ष की ओर से 2,309 गवाह पेश किए गए. अदालत का यह फैसला हमलों के लिए सीधे तौर पर दोषी ठहराए गए लोगों के खिलाफ मुख्य आपराधिक मामले में आया है.