श्रीनगर पुलिस ने शहर में कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क प्रतिबंधित फार्मास्युटिकल दवाओं की खरीद, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़ा था. मामले की जांच में इसके तार चंडीगढ़, पंचकूला और अंबाला तक पहुंचने की बात सामने आई है.

कार्रवाई के दौरान 2,19,425 टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए. पुलिस ने करीब 3.83 किलोग्राम कोडीन युक्त तरल और लगभग 40 ग्राम हेरोइन जैसी सामग्री मिलने का भी दावा किया है. तलाशी में 85.75 लाख रुपये नकद, 108 सोने के सिक्के, सोने की ईंटें और अन्य आभूषण बरामद किए गए.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से .32 कैलिबर पिस्तौल, दो खाली मैगजीन और एक खंजर भी मिला है. जांच के दौरान बैंक खातों में करीब 1.07 करोड़ रुपये की रकम चिन्हित कर उन्हें फ्रीज किया गया है. एक आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी भी दी गई है.

अधिकारियों ने बताया कि दवाओं की खरीद और आपूर्ति से जुड़े लाइसेंस, बिल, भुगतान रिकॉर्ड और परिवहन दस्तावेजों की जांच की जा रही है. मामले में आगे की कड़ियों और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है.