जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेंहदी पार्टी छोड़ने और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह बडगाम में अपने पिता आगा सैयद मेंहदी की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित जनसभा में इसकी घोषणा करेंगे.

रुहुल्लाह का आरोप है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और NC अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से धारा 370 को लेकर किए गए वादों से पीछे हट रहे हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रुहुल्लाह बडगाम से तीन बार विधायक रह चुके हैं और 2024 में श्रीनगर लोकसभा सीट से चुने गए थे.

25 विधायकों ने दिया 14 दिन का अल्टीमेटम

इसी बीच जम्मू-कश्मीर में NC के 25 विधायकों की बैठक में पार्टी नेतृत्व को 14 दिन का अल्टीमेटम दिए जाने की बात सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, विधायकों ने मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार से समर्थन वापस लेने की चेतावनी दी है.

बैठक में पार्टी नेतृत्व से बातचीत के लिए चार सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल बनाने का फैसला हुआ. इसकी अगुआई गुरेज विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता नजीर अहमद गुरेजी तथा थानामंडी विधायक मुजफ्फर इकबाल खान करेंगे. प्रतिनिधिमंडल फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला को ज्ञापन सौंपेगा. इसके बाद नेतृत्व के जवाब के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी.

कैबिनेट विस्तार के बाद बढ़ी नाराजगी

27 अक्टूबर के कैबिनेट विस्तार में NC के अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्लाह, शमीमा फिरदौस और अल्ताफ अहमद कल्लू को मंत्री बनाया गया था. निर्दलीय विधायक सतीश शर्मा को मंत्रिमंडल से हटाया गया. नजीर अहमद गुरेजी और मुबारक गुल समेत कुछ वरिष्ठ विधायक मंत्री नहीं बन सके. बाद में मुबारक गुल को फारूक अब्दुल्ला ने अली मोहम्मद सागर की जगह पार्टी का महासचिव नियुक्त किया.