जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकी नेटवर्क के लिए कथित तौर पर काम करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरशाद अहमद भट और शौकत अहमद रेशी के रूप में हुई है. यह कार्रवाई एक आतंकी मॉड्यूल की जांच के तहत की गई.

जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर अलगाववादी विचारधारा और प्रचार को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी. बांदीपोरा पुलिस ने कहा है कि आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस के अनुसार, सुरक्षा और शांति के खिलाफ गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

चार जिलों में छह ठिकानों पर तलाशी

काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) और स्थानीय पुलिस इकाइयों ने संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल, ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क और आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज की है. इसी क्रम में श्रीनगर, बडगाम, पुलवामा और अनंतनाग में छह स्थानों पर एक साथ तलाशी ली गई.

पुलिस के मुताबिक, ये तलाशी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से कथित रूप से जुड़े सोशल मीडिया आधारित भर्ती नेटवर्क की जांच के संबंध में हुई. कार्रवाई के दौरान डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए हैं. एजेंसियां इनकी जांच कर रही हैं ताकि सीमा पार बैठे संदिग्ध हैंडलर्स और स्थानीय सहयोगियों के संभावित संबंधों का पता लगाया जा सके.

जांच में श्रीनगर के होकेरसर और बडगाम के मागम से जुड़े मामलों के कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में पिछले 75 दिनों के दौरान 30 आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है.