10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के मौके पर मानसिक संकट के शुरुआती संकेतों को पहचानने और समय पर मदद पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया गया. छात्रों, किसानों, पेशेवरों, युवाओं, बच्चों और पारिवारिक तनाव से जूझ रहे लोगों में मानसिक दबाव को गंभीर सामाजिक चुनौती बताया गया है.
विशेषज्ञों के अनुसार, आत्महत्या का विचार केवल क्षणिक आवेग का परिणाम नहीं होता. गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, सामाजिक अलगाव, पलायन, पारिवारिक तनाव और नशे की लत जैसे जैविक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक कारक किसी व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं.
मनोचिकित्सक और राष्ट्रीय आत्महत्या रोधी नीति समिति के सदस्य डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के मुताबिक, मानसिक संकट एक जटिल सामाजिक और मनोवैज्ञानिक समस्या है. उन्होंने समय पर जागरूकता और हस्तक्षेप की कमी को भी चुनौती का हिस्सा बताया. नशा रोग विशेषज्ञ मनोचिकित्सक डॉ. अनिल शेखावत ने कहा कि नशे की लत सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है और अवसाद तथा आत्महत्या के आवेग का जोखिम बढ़ा सकती है.
किन संकेतों को नजरअंदाज न करें
किसी व्यक्ति का बार-बार यह कहना कि ‘मेरी किसी को परवाह नहीं’ या ‘अब जीने का कोई मतलब नहीं है’, गंभीर चेतावनी हो सकती है. परिवार और दोस्तों से अचानक दूरी बनाना, कमरे में बंद रहना, पसंदीदा गतिविधियों में रुचि खत्म होना, अत्यधिक उदासी, चिड़चिड़ापन, घबराहट या गुस्सा भी संकेत हो सकते हैं. अपनी प्रिय चीजें दूसरों को बांटना भी व्यवहार में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा सकता है.
ऐसे समय में व्यक्ति की बात बिना आलोचना और तंज के सुनने की कोशिश करें. ‘मैं तुम्हारे साथ हूं, तुम मुझसे बात कर सकते हो’ जैसे आश्वासन मददगार हो सकते हैं. आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने की बात को ध्यान खींचने की कोशिश मानकर नजरअंदाज करना नुकसानदेह हो सकता है.
बच्चों और युवाओं को यह समझाना जरूरी है कि उनकी कीमत परीक्षा के अंक, डिग्री, नौकरी या वेतन से तय नहीं होती. असफलता या करियर में रुकावट जीवन का अंत नहीं है. परिवार, स्कूल और दोस्तों की संवेदनशील भूमिका संकट के समय महत्वपूर्ण हो सकती है.
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या संकट से गुजर रहा है, तो अकेले न रहें और पेशेवर मदद लें. Tele-MANAS पर 14416 या 1800 891 4416 और KIRAN हेल्पलाइन पर 1800-599-0019 संपर्क किया जा सकता है.
